home page

ग्वालियरः ऊर्जा मंत्री तोमर ने रात डेढ़ बजे सिविल अस्पताल हजीरा का किया निरीक्षण

 | 
ग्वालियरः ऊर्जा मंत्री तोमर ने रात डेढ़ बजे सिविल अस्पताल हजीरा का किया निरीक्षण


ग्वालियर 26 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सोमवार की मध्य रात्रि लगभग 1.30 बजे ग्वालियर के सिविल हॉस्पिटल हजीरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर उनकी कुशलक्षेम जानी तथा उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता एवं रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करने के दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

ऊर्जा मंत्री ने सोमवार की मध्य रात्रि 12:45 बजे बहोड़ापुर स्थित कुशवाह मोहल्ला पहुंचकर सीवर सफाई अभियान के अंतर्गत चल रहे सीवर सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इसी क्रम में उन्होंने संत कृपाल आश्रम से कोटेश्वर रोड तक चल रहे नाला सफाई कार्य का भी जायजा लिया।

उन्होंने बरसात के मौसम से पहले जल निकासी व्यवस्था को बेहतर एवं सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सफाई कार्य में गति लाने तथा आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने सोमवार रात्रि क्षेत्र भ्रमण के क्रम में विनय नगर में ‘जन चौपाल’ लगाकर स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रीय समस्याओं को जाना और बहुमूल्य सुझाव सुने। तोमर ने जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर