home page

ग्वालियरः मुख्यमंत्री 04 मई को करेंगे ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमिपूजन

 | 
ग्वालियरः मुख्यमंत्री 04 मई को करेंगे ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमिपूजन


- ऊर्जा मंत्री तोमर ने लिया तैयारियों का जायजा

ग्वालियर, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 मई को ग्वालियर प्रवास पर रहेंगे। वे यहां शिवपुरी लिंक रोड पर बेलागांव ग्राम के अंतर्गत मध्यभारत शिक्षा समिति की महात्वाकांक्षी परियोजना “ऋषि गालव विश्वविद्यालय” का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद मेला मैदान में आयोजित विशाल “पशुपालक सम्मेलन” में भाग लेंगे और जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण भी करेंगे।

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने शनिवार को कलेक्टर रुचिका चौहान व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ बेलगांव पहुँचकर विश्वविद्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम की तैयारियां देखीं।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को दोनों कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालक सम्मेलन स्थल के निरीक्षण के दौरान कहा कि कार्यक्रम स्थल पर जीवंत प्रदर्शनी लगाई जाएं, जिससे किसान भाईयों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। साथ ही गर्मी को ध्यान में रखकर कार्यक्रम स्थल पर पेयजल इत्यादि की पुख्ता व्यवस्था की जाएं। साथ ही पार्किंग भी कार्यक्रम स्थल के नजदीक हो, जिससे कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे किसानों व पशुपालकों को कम से कम दूरी तय करनी पड़े। उन्होंने कहा दोनों कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, ओआरएस सहित प्राथमिक चिकित्सा की भी पुख्ता व्यवस्था रहे।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद एवं मध्यभारत शिक्षा समिति के पदाधिकारी व अन्य जनप्रतिनिधिगणों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर