home page

ग्वालियर कैंट एरिया में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग, 4 घंटे बाद भी धधक रहीं लपटें, सेना और दमकल टीमें जुटीं

 | 
ग्वालियर कैंट एरिया में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग, 4 घंटे बाद भी धधक रहीं लपटें, सेना और दमकल टीमें जुटीं


ग्वालियर कैंट एरिया में इलेक्ट्रॉनिक्स गोदाम में भीषण आग, 4 घंटे बाद भी धधक रहीं लपटें, सेना और दमकल टीमें जुटीं


ग्वालियर, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में उपनगर मुरार स्थित आर्मी कैंट क्षेत्र के पास शनिवार शाम इलेक्ट्रॉनिक्स के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।

गोदाम में रखे टीवी, फ्रिज, एसी, वॉशिंग मशीन, अलमारी, पानी की मोटर सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। आग ने गोदाम के साथ आसपास की कुछ दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

चार घंटे बाद भी अंदर धधक रही आग

सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे गोदाम में फैल चुकी थी। आग की गंभीरता को देखते हुए सेना, एयरफोर्स, मालनपुर, मुरैना सहित कई स्थानों से दमकल वाहन और निजी फायर टैंकर बुलाए गए। फायर टीम के अनुसार, गोदाम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसके कारण अंदर जाकर आग बुझाने में परेशानी आ रही है। बाहर की लपटों पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन गोदाम के अंदर अब भी आग सुलग रही है। पाइपलाइन के जरिए अंदर तक पानी पहुंचाकर आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

सुरक्षा के लिए रास्ते बंद, लोगों में दहशत

आग की भयावहता को देखते हुए प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों को बंद कर दिया है। राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आए और लोगों की सुरक्षा बनी रहे, इसके लिए क्षेत्र में आवाजाही नियंत्रित की गई है। आग से निकल रहे घने काले धुएं के कारण आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। हालांकि प्रशासन के अनुसार, अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

कलेक्टर ने कहा- स्थिति नियंत्रण में, कोई जनहानि नहीं

ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि मुरार के मिलिट्री एरिया के पास मार्केट क्षेत्र में निजी जमीन पर बने किराये के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद नगर निगम, पुलिस और अन्य विभागों की टीमें तत्काल मौके पर भेजी गईं। उन्होंने बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए शहर की सभी उपलब्ध दमकल गाड़ियों को लगाया गया। इलेक्ट्रॉनिक सामान में लगी आग को नियंत्रित करने के लिए एयरफोर्स स्टेशन से फोम टेंडर भी बुलाए गए।

कलेक्टर ने बताया कि फिलहाल आग को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं और राहत की बात है कि अब तक किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। टीमों द्वारा आग पूरी तरह बुझाने के साथ दोबारा आग भड़कने की आशंका पर भी नजर रखी जा रही है।

आग लगने के कारणों का पता नहीं चला

प्रशासन के अनुसार अभी तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घटना की जांच के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सेना, एयरफोर्स और दमकल विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे