गुरु पूर्णिमा पर बुधवार को पीताम्बरा पीठ पर होंगे विशेष आयोजन
दतिया, 29 जुलाई (हि.स.)। गुरु पूर्णिमा का पर्व बुधवार को जिलेभर में श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। पीताम्बरा पीठ सहित विभिन्न आश्रमों और मंदिरों में गुरु पूजन, पादुका पूजन, आशीर्वाद समारोह और भंडारे के आयोजन होंगे। पर्व को लेकर सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शहर स्थित पीताम्बरा पीठ, अनामय आश्रम, चैतन्य आश्रम, पंडोखर धाम, अश्नई रामलला धाम, परशुराम मंदिर, गोदन सरकार तथा सिरौल स्थित मंगला देवी मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर सुबह से शाम तक गुरु पूजन का क्रम चलेगा। श्रद्धालु अपने गुरुजनों का पूजन-अर्चन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पीताम्बरा पीठ में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। यहां पूज्यपाद स्वामी जी महाराज की पावन पादुकाओं के पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। स्वामी जी महाराज के शिष्य एवं देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालु परंपरानुसार पादुका पूजन कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं, ताकि दर्शन एवं पूजन का क्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

