home page

गुना में दर्दनाक सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, टेंट व्यवसाय से जुड़े दो युवकों की मौत

 | 
गुना में दर्दनाक सड़क हादसा, पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, टेंट व्यवसाय से जुड़े दो युवकों की मौत


गुना, 28 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में रविवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में टेंट व्यवसाय से जुड़े दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खटकया रोड पर उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, सभी युवक टेंट व्यवसाय से जुड़े थे और काम के सिलसिले में कुंभराज आए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे कार से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कुंभराज-खटकया मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बीजनीपुरा निवासी कपिल मोंगिया (20) और बलराम मोंगिया (27) को मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में विशाल, कन्हैयालाल, मंगलेश और अमित अग्रवाल घायल हुए हैं। इनमें अमित अग्रवाल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कुंभराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

जांच में जुटी पुलिस

रविवार दाेपहर को दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। एक साथ दो युवकों की मौत से बीजनीपुरा क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे