गुनाः नारकोटिक्स ब्यूरो ने ट्रक से पकड़ा 3 करोड़ का डोडा-चूरा, तस्करों की कार ने बाइक सवार परिवार को कुचला
- हादसे में बाइक सवार दंपत्ति की मौत, एक बच्चे समेत दो घायल
गुना, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने शुक्रवार देर शाम एक ट्रक से तीन करोड़ रुपये कीमत का डोडार-चूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक की पायलटिंग कर रही तस्करों की कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में दंपत्ति की मौत हो गई, जबकि एक 4 साल का बच्चा और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
कैंट थाना पुलिस के अनुसार, केंद्रीय नारकोटिक्स विभाग को पुख्ता सूचना मिली थी कि डोडाचूरा से भरा ट्रक शुक्रवार को गुना से होकर गुजरने वाला है। आशंका थी कि खेप को उज्जैन के रास्ते आगे या राजस्थान भेजा जाएगा। सूचना के आधार पर विभाग ने दो अलग-अलग टीमें गठित कीं। दोनों टीमों को अलग-अलग रास्तों से रवाना किया गया, ताकि तस्करों के बच निकलने की संभावना खत्म की जा सके।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर शाम अशोकनगर रोड स्थित मावन गांव के पेट्रोल पंप पर संदिग्ध ट्रक डीजल भरवाते हुए मिला। टीम ने ट्रक रोककर चालक मोहम्मद साहिल अंसारी, निवासी झारखंड, को हिरासत में ले लिया। ट्रक पर नागालैंड की नंबर प्लेट (एनएल 01-एबी-3364) लगी थी। उसमें करीब 6 हजार रुपये का डीजल भरवाया गया था।
तलाशी के दौरान कार से राजस्थान, गुजरात और झारखंड की नंबर प्लेटें भी बरामद हुईं। एक बैग भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस वाहन के चेसिस नंबर के आधार पर उसके वास्तविक मालिक और पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है। ट्रक की तलाशी के दौरान नारकोटिक्स टीम ने देखा कि सबसे नीचे सफेद कट्टों में डोडाचूरा भरा हुआ था। उसके ऊपर सीमेंट की बोरियां रखी गई थीं। पूरे ट्रक को तिरपाल से ढक रखा था। ट्रक से तीन करोड़ रुपये का करीब 25 क्विंटल डोडा-चूरा बरामद किया गया।
नारकोटिक्स टीम को पहले से जानकारी थी कि ट्रक के आगे एक पायलट कार चल रही थी, जो रास्ते में पुलिस और जांच एजेंसियों की गतिविधियों की सूचना ट्रक चालक तक पहुंचा रही थी। इसी दौरान गुना की ओर से तेज रफ्तार कार आई। पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे उसने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मारी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने मकान में घुस गई। हादसे के तुरंत बाद चालक फरार हो गया, जबकि कार में बैठा विजेंद्र यादव, निवासी झारखंड, नारकोटिक्स टीम के कब्जे में आ गया।
हादसे में गणेशखेड़ा गांव निवासी कल्लू बारेला (34) और उनकी पत्नी पिंकी बारेला (30) की मौके पर मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार तीन वर्षीय भतीजा रणवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घर के बाहर खड़े गोवर्धन कुशवाह भी घायल हुए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के बाद सड़क पर घायल पड़े रणवीर को नारकोटिक्स टीम ने सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
एएसपी प्रशांत सिंह सुमन ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि डोडाचूरा की खेप झारखंड से लाई जा रही थी। इसे राजस्थान या गुजरात में सप्लाई किया जाना था। नारकोटिक्स विभाग पूरे नेटवर्क, अन्य आरोपियों और सप्लाई चेन की जांच कर रहा है। वहीं, पुलिस सड़क हादसे में दो लोगों की मौत और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

