home page

बैतूल में 9.88 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट स्टेडियम

 | 
बैतूल में 9.88 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, 50 करोड़ से बनेगा क्रिकेट स्टेडियम


बैतूल/भोपाल, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूलशहर के विकास की प्राथमिकताएं अब वार्डों की जरूरतों और नागरिकों के सुझावों के आधार पर तय की जाएंगी। इसके लिए वार्ड स्तर पर जनसंवाद कर विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित तीन वार्ड स्तरीय क्लस्टर बैठकों में यह बात कही। इस दौरान उन्होंने 9 करोड़ 88 लाख रुपए से अधिक लागत के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने शहर में राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं विकसित करने, 50 करोड़ रुपए की लागत से क्रिकेट स्टेडियम बनाने और राय साहब के बगीचे का कायाकल्प करने की भी जानकारी दी।

हेमंत खण्डेलवाल ने अर्जुन वार्ड के खंजनपुर स्थित सिल्वर लॉन, मोती वार्ड के राय साहब का बगीचा और टिकारी स्थित मेघनाथ चौक पर आयोजित बैठकों में नागरिकों से संवाद किया। इन बैठकों में सड़क, स्वच्छता, आवागमन, सार्वजनिक स्थलों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भी बैठकों को संबोधित किया।

तीन क्लस्टर में 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन

खंजनपुर के सिल्वर लॉन में आयोजित बैठक में सुभाष, अर्जुन, दुर्गा, मालवीय, शिवाजी और गांधी वार्ड के नागरिक शामिल हुए। इन छह वार्डों में 5 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत 31 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

मोती वार्ड स्थित राय साहब के बगीचे में तिलक, आजाद, आर्यपुरा, मोती, किदवई और गौठाना वार्ड के नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इन वार्डों में 1 करोड़ 63 लाख रुपए की लागत के 14 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

वहीं, टिकारी के मेघनाथ चौक पर आयोजित बैठक में 3 करोड़ 25 लाख रुपए से अधिक लागत के 27 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस तरह तीनों क्लस्टर में कुल 72 कार्यों की शुरुआत की गई।

राय साहब के बगीचे का होगा कायाकल्प, 28 दुकानें बनेंगी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि नगर का विकास केवल सड़क और भवन बनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। स्वच्छ वातावरण, बेहतर बुनियादी सुविधाएं, सुगम आवागमन और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। राय साहब के बगीचे का कायाकल्प कर यहां 28 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इससे इस सार्वजनिक स्थल को व्यवस्थित स्वरूप देने के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी जगह उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड की वास्तविक जरूरतों को समझकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। नागरिकों के सुझावों को योजनाओं में शामिल किया जाएगा, ताकि सरकारी कामकाज का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे।

50 करोड़ से क्रिकेट स्टेडियम, दूसरे खेलों के लिए भी सुविधाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बैतूल में खेल अधोसंरचना विकसित करने की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि शहर में 50 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके साथ ही फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए भी राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकेंगे और बैतूल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन का रास्ता तैयार होगा। उन्होंने बताया कि शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड को 10 एकड़ भूमि पर शहर से बाहर स्थानांतरित किया जा रहा है। इसके अलावा एचएमटी फैक्ट्री के पास करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से गीता भवन ऑडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है।

दादा धूनी धाम में 20 लाख से बनेगा भक्त निवास

हेमंत खण्डेलवाल ने धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र दादा धूनी धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 20 लाख रुपए की लागत से भक्त निवास बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने के बाद धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। बैतूल नगर और जिले को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ और व्यवस्थित बैतूल

खण्डेलवाल ने कहा कि स्वच्छ-सुंदर बैतूल का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है। इसमें नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। हर वार्ड में बेहतर सड़कें, स्वच्छता व्यवस्था, सुव्यवस्थित सार्वजनिक स्थल और जरूरी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वार्डों के विकास के लिए नागरिकों से लगातार संवाद किया जाएगा और उनकी जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठकों में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विक्रम वैद्य, सीसीबी के पूर्व अध्यक्ष बसंत बाबा माकोड़े, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा, सांसद प्रतिनिधि कैलाश बंडू धोटे सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, एल्डरमैन, अधिकारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे