home page

मंदसौरः 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन, ग्वालियर संभाग बना विजेता

 | 
मंदसौरः 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का भव्य समापन, ग्वालियर संभाग बना विजेता


मंदसौर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी 14 वर्ष बालक प्रतियोगिता का समापन समारोह शनिवार को हॉकी टर्फ मैदान पर हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल में ग्वालियर संभाग ने उज्जैन संभाग को 3-1 से हराकर प्रतियोगिता अपने नाम की। उपविजेता उज्जैन संभाग व तृतीय स्थान (हाई लाइन मैच विनर) पर सागर संभाग रहा।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मंदसौर विधायक विपिन जैन, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री टेरेसा मिंज, जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट, लोक शिक्षण भोपाल के आॅब्जर्वर देवेंद्र बाथम आदि मंचासीन रहे।

मंच से अतिथियों द्वारा विजेता, उपविजेता एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों के खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजरों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र, शील्ड, पदक देकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात सभी संभागों के प्रतिभागियों को शील्ड एवं पदक प्रदान किए गए। 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के सफल संचालन में लगी सभी समितियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए शील्ड एवं प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी पंकज जाट ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि स्कूल गेम्स फेडरेशन आॅफ इंडिया (एसजीएफआई) लखनऊ द्वारा हॉकी अंडर-14 बालक की नेशनल प्रतियोगिता की मेजबानी की जिम्मेदारी भी भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर जिला प्रशासन को प्राप्त हुई है। यह भव्य आयोजन 8 दिसंबर से 12 दिसंबर तक होगा, जिसमें भारत के सभी राज्यों की टीमें मंदसौर में अपना प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम के अंत में विधायक विपिन जैन द्वारा हॉकी खेल ध्वज उतार कर लोक शिक्षण भोपाल के आॅब्जर्वर देवेंद्र बॉथम को ध्वज सोपा गया।

कलेक्टर दिव्यांक सिंह की रात्रि चौपाल-

70वीं हॉकी राज्य स्तरीय आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने विगत रात्रि में शासकीय बालक उत्कृष्ट छात्रावास में ठहरी विभिन्न संभागीय टीमों के खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने खिलाड़ियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनका परिचय जाना और प्रतियोगिता से जुड़े उनके अनुभव साझा किए। खिलाड़ियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी बातें रखीं। कलेक्टर ने छात्रावास के प्रत्येक कक्ष में पहुंचकर खिलाड़ियों, कोच एवं मैनेजर से चर्चा की तथा आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया