home page

अशोकनगर में भगवान सहस्रबाहु जयंती का भव्य आयोजन, 15 नवंबर को निकलेगी शोभायात्रा

 | 
अशोकनगर में भगवान सहस्रबाहु जयंती का भव्य आयोजन, 15 नवंबर को निकलेगी शोभायात्रा


अशोकनगर, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में हैहय क्षत्रिय कल्चुरी समाज के तत्वावधान में भगवान राजराजेश्वर सहस्रबाहु अर्जुन की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस अवसर पर 15 नवंबर, रविवार को रेलवे स्टेशन के पास स्थित मंगल पैलेस में भव्य सामाजिक एवं धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह शोभायात्रा और कलश यात्रा के साथ होगी।

हैहय क्षत्रिय कल्चुरी समाज के अध्यक्ष देवेंद्र शिवहरे ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। आयोजन में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों की सहभागिता रहेगी।

उन्होंने बताया कि समारोह का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और संगठन की मजबूती को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर सहयोग और सद्भाव की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।

सुबह 9:30 बजे निकलेगी शोभायात्रा

आयोजन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे मंगल पैलेस से भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली जाएगी। चल समारोह स्टेशन रोड, गांधी पार्क और इंदिरा पार्क से होते हुए आयोजन स्थल पहुंचेगा। दोपहर 12 बजे दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती होगी। इसके बाद दोपहर एक बजे से अतिथियों का उद्बोधन और 1:30 बजे से सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर दोपहर दो बजे से प्रसादी वितरण किया जाएगा।

समाज की एकजुटता पर रहेगा जोर

आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल जयंती समारोह नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को आगे बढ़ाने का अवसर भी है। भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को स्मरण करते हुए समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए समाजजन तैयारियों में जुटे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार