home page

आदिवासी छात्रावास के पुनर्निर्माण पर दो दिन में फैसला करे सरकार : उमंग सिंघार

 | 
आदिवासी छात्रावास के पुनर्निर्माण पर दो दिन में फैसला करे सरकार : उमंग सिंघार


-इछावर के वीरपुर में बिरसा मुंडा जयंती समारोह में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष

सीहोर, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की इछावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम वीरपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश आदिवासी विकास परिषद की ओर से आयोजित ‘एक तीर, एक कमान’ प्रतियोगिता के समापन समारोह में रविवार काे मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आदिवासी युवाओं के उत्साह और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति उनके जुड़ाव की सराहना की।

उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज की संस्कृति, सम्मान और अधिकारों की रक्षा केवल आयोजनों और भाषणों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसके लिए जमीनी स्तर पर भी काम होना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के सामने स्थित जर्जर आदिवासी-दलित छात्रावास का मुद्दा उठाया। सिंघार ने सरकार से छात्रावास के पुनर्निर्माण पर दो दिन के भीतर निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस अवधि में फैसला नहीं करती है, तो इससे आदिवासी और दलित समाज के प्रति उसकी प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े होंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर आदिवासी हितों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आदिवासी समाज केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि अधिकारों और संसाधनों में समान भागीदारी का हकदार है। उन्होंने इछावर क्षेत्र में किसानों के खेतों तक नर्मदा का पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा सरकार इस समस्या का समाधान नहीं कर पाई है। उन्होंने इसे क्षेत्र के किसानों के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएगी। सिंघार ने कहा कि वर्ष 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने पर इछावर क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। उन्होंने सरकार से आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे