home page

सरकार की मंशा-हर व्यक्ति तक पहुँचे स्वास्थ्य और विकास: नरेन्द्र सिंह तोमर

 | 
सरकार की मंशा-हर व्यक्ति तक पहुँचे स्वास्थ्य और विकास: नरेन्द्र सिंह तोमर


मुरैना, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं आम जनता तक पहुँचना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से केन्द्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। इस मंशा को साकार करने के लिए पोरसा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर शुक्रवार को पोरसा विकासखंड में 17 करोड़ 32 लाख 90 हजार रुपये की लागत से निर्मित 50 बिस्तरीय नव निर्मित सिविल अस्पताल एवं 06 एफ-टाइप तथा 06 जी-टाइप आवासीय गृहों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर सांसद शिवमंगलसिंह तोमर, चंबल आयुक्त सुरेश कुमार, कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा, समाजसेवी कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष पोरसा श्रीमती अनुराधा देवेश तोमर, नगर पालिका अध्यक्ष पोरसा श्रीमती कुशमा रामवीर सिंह तोमर, पूर्व विधायक कमलेश जाटव, सत्यप्रकाश सखवार, कमलेश सुमन, एसडीएम अंबाह रामनिवास सिकरवार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय, बीएमओ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आज अत्यंत प्रसन्नता का अवसर है कि 50 बिस्तरीय सिविल हॉस्पिटल का लोकार्पण किया जा रहा है। इसके निर्माण से अब गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि अम्बाह, मुरैना, जौरा, कैलारस, सबलगढ़, विजयपुर एवं श्योपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने विशेष ध्यान दिया है, जिसके परिणामस्वरूप व्यापक परिवर्तन देखने को मिले हैं।

उन्होंने कहा कि कोई भी सार्वजनिक संरचना एक बार बन जाने के बाद आने वाले कई वर्षों तक लोगों को लाभ पहुंचाती है। सरकारी अस्पताल गरीबों के उपचार का सबसे बड़ा माध्यम हैं। लोगों को सरकारी सुविधाओं का उपयोग करते हुए उन पर विश्वास करना चाहिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों से भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से कहा कि अनावश्यक रूप से मरीजों को मुरैना या ग्वालियर रेफर न किया जाए। केवल गंभीर स्थिति होने पर ही मरीजों को रेफर किया जाए, ताकि स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य एवं शिक्षा दोनों क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले के रछेड़, बीरवल का पुरा एवं खडि़याहार में सांदीपनि विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुरैना जिला मुख्यालय पर पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय संचालित था और अब अंबाह में भी केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है। इसके अतिरिक्त सबलगढ़ में भी पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय इस सत्र से प्रारंभ कर दिया गया है, जिसका भवन निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि सड़क, पुल एवं पुलिया निर्माण सरकार की प्राथमिक योजनाओं में शामिल हैं। योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को मिले, यही केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोगी बनें, बाधक नहीं। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में सीएम राइज स्कूल बनाए जा रहे हैं। इन विद्यालयों से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि मुरैना-श्योपुर संसदीय क्षेत्र में आज सड़कों का व्यापक जाल बिछ चुका है, जो केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विकासपरक सोच का परिणाम है। पोरसा सड़क अब नेशनल हाईवे-552 के नाम से जानी जाएगी।

उन्होंने कहा कि पोरसा शहर में पहले 30 बिस्तरों का अस्पताल था, जिसे अब 50 बिस्तरीय सिविल हॉस्पिटल में परिवर्तित किया गया है। चिकित्सकों के आवास भी निर्मित किए गए हैं, जिससे डॉक्टर बेहतर तरीके से लोगों का उपचार कर सकें।

उन्होंने कलेक्टर को पोरसा एवं जौरा में पोस्टमार्टम भवन निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने के लिए कहा ताकि यह सुविधा भी लोगों को सहज रूप से उपलब्ध हो सके। सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने कहा कि बुधारा से लेकर बड़ौदा तक हुए सभी छोटे-बड़े विकास कार्य विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के मार्गदर्शन में कराए गए हैं। अटेर-उसैदघाट के बड़े निर्माण कार्यों के अलावा पंचायत भवन, गांव-गांव सड़क, अनगिनत पुल एवं रपटों का निर्माण कराया गया है। सड़क, आंगनबाड़ी भवन एवं पंचायत भवन सहित अनेक विकास कार्य क्षेत्र में हुए हैं।कार्यक्रम में समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा