गोवर्धन पूजा प्रकृति संरक्षण और गौसेवा का संदेश देती है : हेमंत खण्डेलवाल
बैतूल/भोपाल, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को बैतूल के जामठी स्थित भारत भारती गौशाला में गोवर्धन पूजन किया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले गोपालकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रकृति और गौसंरक्षण भारतीय संस्कृति के मूल आधार हैं। इनका संरक्षण केवल परंपरा का निर्वहन नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। गोवर्धन पूजा प्रकृति के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा के महत्व का संदेश देती है।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पूजा का प्रसंग प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके संरक्षण की प्रेरणा देता है। जीवन में कितनी भी उन्नति और प्रगति कर लें, लेकिन प्रकृति के महत्व को कभी नहीं भूलना चाहिए। प्रकृति का सम्मान, उसकी पूजा और संरक्षण भारतीय संस्कृति एवं जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा है।
गौसेवा सामाजिक जिम्मेदारी भी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिलों और गौशालाओं में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य समाज को प्रकृति, गौमाता और गौशालाओं से जोड़ना तथा गौसंरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पारंपरिक जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार हैं। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्व का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के लिए समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। गौशालाओं को सशक्त बनाने के साथ ही गोपालकों के कार्यों को प्रोत्साहित करना भी आवश्यक है। इसी क्रम में कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले गोपालकों को सम्मानित किया गया।
आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं संरक्षण की परंपरा
हेमंत खण्डेलवाल ने लोगों से गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना भारतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। इस परंपरा और इसके मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय जनजाति शिक्षा सहसंयोजक बुधपाल सिंह ठाकुर, भारत भारती शिक्षा समिति के सचिव मुकेश खण्डेलवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, समिति के उपाध्यक्ष विवेक तिवारी, संयोजक जितेंद्र तिवारी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गौशाला संचालक, गोपालक, गणमान्य नागरिक और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

