home page

अनूपपुर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई गोवर्धन पूजा, मंदिरों में लगा अन्नकूट का भोग

 | 
अनूपपुर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई गोवर्धन पूजा, मंदिरों में लगा अन्नकूट का भोग


अनूपपुर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई गोवर्धन पूजा, मंदिरों में लगा अन्नकूट का भोग


अनूपपुर में श्रद्धा और उत्साह से मनाई गई गोवर्धन पूजा, मंदिरों में लगा अन्नकूट का भोग


अनूपपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर मनाया जाने वाला गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट पर्व इस वर्ष मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। दीपावली के अगले दिन सोमवार को उदयातिथि में सोमवती अमावस्या होने के कारण गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का आयोजन एक दिन बाद किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न मंदिरों में भगवान को अन्नकूट का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

द्वापर युग से जुड़ी लोकपरंपरा गोवर्धन पूजा आज भी पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ निभाई जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की स्मृति में आयोजित इस पर्व पर पशुपालकों ने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान छाहुर लेकर पंडा और ग्वालों ने गौवंश की पूजा की तथा धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

सात दिनों तक पर्वत उठाकर की थी ब्रजवासियों की रक्षा

गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व भगवान श्रीकृष्ण की द्वापर युग की प्रसिद्ध लीला से जुड़ा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत, गौवंश और प्रकृति की पूजा करने की प्रेरणा दी थी। इससे क्रोधित होकर इंद्र ने ब्रज में मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर लगातार सात दिनों तक ब्रजवासियों और गायों को वर्षा से सुरक्षित रखा। इसी लीला की स्मृति में कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा मनाई जाती है।

गौवंश और प्रकृति के संरक्षण का संदेश

यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में गौवंश के योगदान को सम्मान देने का अवसर भी है। गाय और बैल खेती, दुग्ध उत्पादन तथा ग्रामीण आजीविका के महत्वपूर्ण आधार रहे हैं। गोबर से गोवर्धन की आकृति बनाना, अन्नकूट तैयार करना और गौवंश को सजाकर उनकी पूजा करना इसी परंपरा का हिस्सा है। यह पर्व प्रकृति, जल, जंगल, जमीन और पशुधन के संरक्षण का संदेश भी देता है।

अन्नकूट का विशेष महत्व

धार्मिक मान्यता है कि अन्नकूट के दिन भगवान को अर्पित किए जाने वाले विभिन्न खाद्य पदार्थों के भोग से घर में पूरे वर्ष अन्न की कमी नहीं होती। इस अवसर पर कई प्रकार की सब्जियों को मिलाकर विशेष पकवान तैयार किया जाता है, जिसे अन्नकूट कहा जाता है। इसके अलावा कई स्थानों पर कढ़ी और छप्पन भोग भी अर्पित किए जाते हैं। इस दिन छोटे-बड़े देवालयों में देवी-देवताओं को विभिन्न पकवानों का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की जाती है।

मंगलवार को अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित रामजानकी मंदिर सहित जिले के प्रमुख देवस्थानों में अन्नकूट का भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस वर्ष दीपावली के अगले दिन अमावस्या तिथि का मान होने के कारण गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट का पर्व परंपरागत क्रम से एक दिन बाद मनाया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला