अनूपपुर: मालगाड़ी का इंजन हुआ खराब, शहडोल-अंबिकापुर रूट की ट्रेनें 3 घंटे फंसी रहीं
अनूपपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर और मौहरी रेलवे स्टेशन के मध्य मंगलवार को मालगाड़ी का इंजन खराब होने से शहडोल-अंबिकापुर रूट पर यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
शहडोल से अंबिकापुर जाने वाली मेमू ट्रेन अनूपपुर स्टेशन पर दोपहर करीब 1:50 बजे पहुंची और शाम 5 बजे तक खड़ी रही। वहीं, शहडोल-अंबिकापुर एक्सप्रेस को अमलाई स्टेशन पर रोकना पड़ा। करीब तीन घंटे की मरम्मत के बाद मालगाड़ी का इंजन ठीक हुआ, जिसके बाद यात्री ट्रेनों को रवाना किया गया।
अनूपपुर और मौहरी स्टेशन के बीच इंजन खराब
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के जनसंपर्क अधिकारी अंबिकेश साहू ने बताया कि शहडोल से बिजुरी जा रही मालगाड़ी का इंजन अनूपपुर और मौहरी रेलवे स्टेशन के बीच खराब हो गया था। इससे ट्रैक बाधित हुआ और पीछे से आ रही यात्री ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा।
मेमू और एक्सप्रेस ट्रेन को स्टेशन पर रोका
इंजन खराब होने के कारण शहडोल-अंबिकापुर मेमू ट्रेन को अनूपपुर स्टेशन और शहडोल-अंबिकापुर एक्सप्रेस को अमलाई स्टेशन पर रोकना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे तक मरम्मत का काम किया। इंजन ठीक होने के बाद यात्री ट्रेनों को आगे रवाना किया गया।
ट्रेन लेट होने की जानकारी नहीं मिलने से यात्री परेशान
ट्रेनों के रुकने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्रियों को ट्रेन लेट होने की सही जानकारी नहीं मिल पाई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

