अनूपपुर: रंग पंचमी को धूर पंचमी “सृष्टि दिवस” के रूप में मनाया गोंडवाना समाज
अनूपपुर, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक नगरी अमरकंटक में रविवार को चैत्र मास कृष्ण पक्ष पंचमी के अवसर पर रंग पंचमी पर्व पर गोंडवाना समाज ने पारंपरिक ढंग से धूर पंचमी – सृष्टि दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर मेला मैदान में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए।
गोंडवाना समाज रंग पंचमी को परंपरागत रूप से धूर पंचमी एवं सृष्टि दिवस के रूप में मनाने की परंपरा रही है। जिसमे पूजन-अर्चन के साथ पंच शक्ति के प्रतीक रूप में कलश स्थापना कर आरती संपन्न हुई। इसके बाद पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। इस आयोजन में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से आए गोंडवाना समाज के हजारों पुरुष-महिलाओं ने भाग लिया।
अध्यक्षता गोंडवाना समाज के गुरु दादा दुर्गे भगत, जगत कथा गुरु माता दुलेश्वरी दाई नेकी रहीं। मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, विशिष्ट अतिथियों में डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, विधायक कमलेश्वर पटेल, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, विधायक बरकड़े, अनूपपुर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रमेश सिंह, जनपद पंचायत जैतहरी अध्यक्ष राजीव सिंह ,रेवा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान गुरु माता दुलेश्वरी दाई ने कहा कि गोंडवाना समाज प्रकृति से गहराई से जुड़ा हुआ है और जल, जंगल, जमीन, पहाड़ तथा वायु ही हमारी वास्तविक धरोहर हैं। प्रकृति वही है जो ईश्वर द्वारा निर्मित है और मनुष्य द्वारा बनाई गई वस्तुएं प्रकृति नहीं हैं। उन्होंने बताया कि प्रकृति संरक्षण के लिए उनके द्वारा 10 लाख से अधिक हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी अलग पहचान और परंपरा है। उन्होंने आदिवासी धर्म को अलग धर्म कोड के रूप में मान्यता दिलाने की मांग को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया और कहा कि इस विषय को राष्ट्रपति तक भी उठाया जाएगा।
विधायक ओमकार सिंह मरकाम ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान और अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखना होगा और समाज की एकजुटता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
बंजारा समाज ने भी मनाई रंग पंचमी
रंग पंचमी के अवसर पर अमरकंटक में नायक बंजारा समाज ने भी इस पर्व को बड़े उत्साह और पारंपरिक ढंग से मनाया। विधिवत पूजन-अर्चन के बाद समाजजनों ने भजन-कीर्तन, नृत्य और अबीर-गुलाल के साथ नर्मदा मंदिर तक विशाल जुलूस निकाला। जिसमें महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में नाचते-गाते हुए शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कुमार तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पुष्पराजगढ़ एवं अनूपपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में बंजारा समाज के लोग शामिल हुए।
नर्मदा घाटों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
रंग पंचमी के पावन अवसर पर अमरकंटक में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री पहुंचे। भक्तों ने पुण्य सलिला मां नर्मदा के रामघाट, कोटितीर्थ घाट और गांधी कुंड में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान किया तथा उद्गम स्थल में दर्शन-पूजन किया। सुबह से ही स्नान और दर्शन का क्रम शुरू हो गया था जो दोपहर तक चलता रहा। पर्व के अवसर पर नगर में लगभग 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई और पूरा अमरकंटक क्षेत्र उत्सव एवं आस्था के रंग में सराबोर नजर आया।
रेलवे स्टेशन में कांग्रेसजनों ने किया स्वागत
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का अनूपपुर जिले के अमरकंटक में आदिवासी समाज के कार्यक्रम में शामिल होने 8 मार्च को पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन में आगमन हुआ। इस दौरान अनूपपुर रेलवे स्टेशन सहित जैतहरी में स्वागत किया गया। पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन में अनूपपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुड्डू चौहान, पूर्व विधायक मनोज कुमार अग्रवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रमेश सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता जेपी श्रीवास्तव, आशीष त्रिपाठी की अगुवाई में सैकड़ों की संख्या में मौजूद कांग्रेसजनों ने पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन में स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

