home page

गेहूं, चना, मसूर और सरसों फसल पंजीयन की अंतिम तिथियां घोषित

 | 
गेहूं, चना, मसूर और सरसों फसल पंजीयन की अंतिम तिथियां घोषित


छिंदवाड़ा, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार छिंदवाड़ा जिले में किसानों की फसलों के पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। जिले की 88 सहकारी समितियों के साथ ही कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र, साइबर कैफे तथा किसान स्वयं अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से भी फसल पंजीयन करा सकते हैं।

प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गेहूं फसल के पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। वहीं चना और मसूर फसल के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 16 मार्च 2026 तथा सरसों के लिए 20 मार्च 2026 तय की गई है।

कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने जिले की सभी सहकारी समितियों के प्रबंधकों, कृषि विभाग के कृषि विस्तार अधिकारियों, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों, कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों, राजस्व विभाग के पटवारियों, तहसीलदारों, पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को निर्देश दिए हैं कि जिले में गेहूं, चना, मसूर और सरसों की खेती करने वाले सभी किसानों का अनिवार्य रूप से पंजीयन कराया जाए।

कलेक्टर हरेंद्र नारायण और उप संचालक कृषि जितेंद्र कुमार सिंह ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी फसलों का पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि शासन की योजनाओं और समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय का लाभ उन्हें मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan