गौशाला संचालक गोसेवा के माध्यम से पुण्य अर्जित कर रहे हैं : कलेक्टर दिव्यांक सिंह
मंदसौर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के साथ मंदसौर जिले की गौशालाओं में सोमवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चयनित वृंदावन ग्रामों के विजेता पशुपालकों को गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत पुरस्कार राशि वितरित की गई। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से हितग्राहियों के बैंक खातों में राशि अंतरित की। योजना के तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार और तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिले की दलौदा तहसील के ग्राम बेहपुर स्थित संत श्री रोटी रामजी गौशाला में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर दिव्यांक सिंह सहित अन्य अतिथियों ने गोवर्धन पूजन और गोपूजन किया। कार्यक्रम में एसडीएम शुभम पाटीदार, तहसीलदार रमेश मसारे, जनपद पंचायत सीईओ धर्मेंद्र यादव और तहसीलदार नीलेश पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने गौशाला का अवलोकन किया और गायों को आहार खिलाया। उन्होंने गौशाला संचालकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गोसेवा के माध्यम से संचालक पुण्य अर्जित कर रहे हैं। मध्यप्रदेश शासन और प्रशासन गौशालाओं के समुचित संचालन के लिए गंभीर है तथा उन्हें हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कलेक्टर ने गौशाला में स्वावलंबन के लिए संचालित गतिविधियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। गौशालाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए गोबर, गोमूत्र और अन्य उपलब्ध संसाधनों पर आधारित विभिन्न आर्थिक गतिविधियां संचालित करनी चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

