home page

गांधीसागर को मिलेगी नई पहचान, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, मुख्यमंत्री बोले- अब तक की बैठकों में सबसे अलग होगी कैबिनेट मीटिंग

 | 
गांधीसागर को मिलेगी नई पहचान, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर, मुख्यमंत्री बोले- अब तक की बैठकों में सबसे अलग होगी कैबिनेट मीटिंग


भाेपाल, 17 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्र देश सरकार की अगली कैबिनेट बैठक बुधवार, 18 नवंबर को मंदसाैर जिले के गांधीसागर में 'डेस्टिनेशन कैबिनेट' के रूप में आयोजित होगी। इस बार बैठक का उद्देश्य सिर्फ मंत्रिमंडल के फैसलों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए गांधीसागर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और औद्योगिक पहचान को भी सामने लाने की तैयारी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस बैठक को अब तक आयोजित कैबिनेट बैठकों से अलग बताते हुए कहा कि इससे गांधीसागर को विशिष्ट पहचान मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। बैठक के केंद्र में गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना, पर्यटन की संभावनाएं और क्षेत्र का समग्र विकास रहेगा।

मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने मंगलवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि, गांधी सागर कैबिनेट बैठक हमारी अब तक की आयोजित विभिन्न कैबिनेट बैठकों में सबसे प्रभावी और अलग होगी। इससे गांधी सागर को विशिष्ट पहचान मिलेगी एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। हमारे लिए प्रसन्नता की बात है कि पीक ऑवर्स में पंप स्टोरेज से 2 हज़ार मेगावाट बिजली उत्पादन होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार नवाचार और जनकल्याण कार्यों को बढ़ावा देते हैं, ऐसे में पानी के माध्यम से बिजली उत्पादन होगा। ये स्थान विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिये तीर्थ की तरह रहेगा।

2000 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इस परियोजना से हर वक्त बिजली उपलब्ध होगी और उसकी दर भी आधी होगी। यहां बने प्लांट से पूरी क्षमता के साथ 2000 मेगावाट बिजली उत्पन्न होगी। इस प्रोजेक्ट की लागत 11 474 करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवाचार को प्रोत्साहन देते हैं, नई तकनीक से जनकल्याण को बढ़ावा देते हैं, हमारी सरकार भी उसी के अनुरूप काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना विज्ञान में रुचि रखने वाले स्टूडेंट्स के लिए तीर्थ की तरह होगा। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा से ऊपर का टैंक भरा जाएगा और पीक आवर्स में तत्काल बिजली सप्लाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को आधुनिक विज्ञान और तकनीक का उदाहरण बताते हुए कहा कि विज्ञान में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को यहां भ्रमण कराया जाएगा। इससे उन्हें पंप स्टोरेज तकनीक और बिजली उत्पादन की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा। परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में इसका भूमिपूजन हुआ और अब यह बनकर तैयार हुई है। उन्होंने इसे एशिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट बताया।

चीता प्रोजेक्ट से लेकर प्राचीन शैलचित्रों तक है पहचान

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा, गांधी सागर बांध और अभयारण्य पर्यटन का अद्भुत केंद्र है। यहाँ पर चीता प्रोजेक्ट चल रहा है। यह पर्यटन का अद्भुत केंद्र है। यहां लाखों साल पुरानी स्फटिक की शिलाएं हैं। उन पर शिलालेख और चित्र उकेरे गए हैं। आदिमानव के जमाने से यह क्षेत्र पुरातत्व-धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गांधीसागर की जलराशि स्थानीय मछुआरों की आजीविका के लिए महत्वपूर्ण है। राजस्थान की सीमा से लगे मध्यप्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र के ऐसे स्थानों को पर्यटन के नक्शे पर पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

डेस्टिनेशन कैबिनेट से स्थानीय रोजगार पर जोर

प्रदेश सरकार की डेस्टिनेशन कैबिनेट की पहल का उद्देश्य अलग-अलग क्षेत्रों में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित कर वहां की विशेषताओं, विकास की संभावनाओं और स्थानीय जरूरतों को सामने लाना है। इससे संबंधित क्षेत्रों को व्यापक पहचान मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों का विस्तार होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने इस पहल का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा, इस तरह के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े स्थानों पर हमारे द्वारा डेस्टिनेशन कैबिनेट का आशय उन क्षेत्रों के बारे में आमजनों तक जानकारी पहुंचाना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोज़गार और पर्यटन के क्षेत्र में विस्तार होगा।

मनासा विधानसभा को देंगे विकास कार्यों की सौगात

गांधीसागर में कैबिनेट बैठक के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव मनासा विधानसभा क्षेत्र में भी विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे। उन्होंने कहा, मैं इसी दिन मनासा विधानसभा में कई विकास कार्यों की सौगात भी दूँगा। हमारा प्रयास रहेगा कि विज्ञान के विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में भ्रमण कराया जाएगा। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि हमारी सरकार में इस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन हुआ और बनकर तैयार हुआ है। यह प्रोजेक्ट एशिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। उन्होंने गांधीसागर पंप्ड स्टोरेज परियोजना को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में रोजगार और पर्यटन को नई गति मिल सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे