home page

गांधी जयंती पर हेमंत खंडेलवाल ने किया महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, बैतूल में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए

 | 
गांधी जयंती पर हेमंत खंडेलवाल ने किया महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, बैतूल में स्वच्छता अभियान में शामिल हुए


बैतूल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कोठी बाजार स्थित गांधी चौक पहुंचकर दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद वे स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। उन्होंने स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सभ्य समाज की आधारशिला माना था। उनके स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। स्वच्छ शहर और स्वच्छ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास का वातावरण साफ रखने की अपील की।

स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने का अभियान चलाया गया। इसके तहत स्वच्छता जागरूकता, शौचालय निर्माण, खुले में शौच से मुक्ति और कचरा प्रबंधन जैसे विषयों पर काम किया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की जिम्मेदारी केवल सरकारी तंत्र की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की है।

चार क्लस्टरों में 16 वार्डों के नागरिकों से संवाद

मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बैतूल नगर के विभिन्न वार्डों में आयोजित क्लस्टर बैठकों में नागरिकों से संवाद किया। किराड़ समाज मंगल भवन, भगत सिंह वार्ड, विश्वकर्मा मंगल भवन, जवाहर वार्ड और इंटरनेशनल स्कूल, विनोबा वार्ड में हुई बैठकों में उन्होंने नगर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली और वार्डवासियों के सुझाव एवं समस्याएं सुनीं। इस दौरान केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके भी मौजूद रहे।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जनविश्वास, जनसंवाद और जनभागीदारी विकास की आधारशिला हैं। बैतूल का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका सीधा लाभ नागरिकों को मिले और उनके दैनिक जीवन की सुविधाएं बेहतर हों, इस दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुसार विकास एवं निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। नागरिकों के सुझाव और सहभागिता से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने बैतूल को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने में नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विक्रम वैद्य, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे