home page

दुबई से अशोकनगर तक इश्क और रहस्य की कहानी: 5 साल बाद मंगेतर की तलाश में पहुंचा जवान

 | 
दुबई से अशोकनगर तक इश्क और रहस्य की कहानी: 5 साल बाद मंगेतर की तलाश में पहुंचा जवान


दुबई से अशोकनगर तक इश्क और रहस्य की कहानी: 5 साल बाद मंगेतर की तलाश में पहुंचा जवान


अशोकनगर, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने फिल्मी कहानी जैसा रोमांच पैदा कर दिया है। पंजाब के लुधियाना निवासी एक जवान अपनी लापता मंगेतर की तलाश में दुबई से सीधे अशोकनगर पहुंच गया। करीब पांच साल पहले सगाई के कुछ ही दिनों बाद युवती रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई थी।

सगाई के बाद अचानक लापता हुई युवती

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में लुधियाना निवासी राजवीर सिंह उर्फ अमरीक, जो दुबई में सेना में कार्यरत हैं, की सगाई अमृतसर की नरिन्दर कौर से हुई थी। सगाई के दौरान परिवार की ओर से नगद राशि और जेवरात दिए गए थे, लेकिन सगाई के लगभग 20 दिन बाद ही नरिन्दर कौर अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पंजाब के विभिन्न थानों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

5 साल बाद आया चौंकाने वाला मैसेज

लंबे इंतजार के बाद 13 मार्च को राजवीर सिंह के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। मैसेज कथित तौर पर नरिन्दर कौर की ओर से था, जिसमें उसने खुद को अशोकनगर जिले के अचलगढ़ क्षेत्र में बंधक बनाए जाने की बात कही। साथ ही उसने कुछ ऑडियो संदेश भेजकर मदद की गुहार लगाई।

पुलिस से लगाई गुहार

मैसेज मिलने के बाद राजवीर सिंह मंगलवार को अशोकनगर पहुंचा और पुलिस से संपर्क कर अपनी मंगेतर को सुरक्षित वापस लाने की मांग की। उसका यह भी कहना है कि युवती के पास उसके नौकरी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी हैं।

मामला उलझा, कई सवाल खड़े

पांच साल तक युवती कहां रही, क्या वह वास्तव में बंधक है या मामला कुछ और है, इन सवालों ने पूरे प्रकरण को जटिल बना दिया है। साथ ही जिस व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं, उसकी भूमिका को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुलिस जांच शुरू

अशोकनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अब प्रेम, रहस्य और आरोपों के जाल में उलझा हुआ है, जिसके सच सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार