home page

सिंहस्थ-2028 : अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

 | 
सिंहस्थ-2028 : अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण


उज्जैन , 02 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे सोमवार को उज्जैन आए। सिंहस्थ-2028 के लिए प्रचलित कार्यो के निरीक्षण के लिए आए दुबे ने कलेक्टर रौशनकुमार सिंह के साथ विभिन्न स्थलों पर जाकर अभी तक की गई व्यवस्थाओं को जाना तथा आगामी योजनाओं के बारे में चर्चा की। साथ ही हर निरीक्षण स्थल पर वे सुझाव तथा निर्देश देते गए।

दुबे ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया और विभागवार जानकारी लेते गए। निरीक्षण के दौरान उन्होने पार्किंग स्थल के समीप खान-पान की उचित व्यवस्था करने हेतु पर्याप्त संख्या में रेस्टोरेंट स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होने स्पष्ट किया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की मनमानी वसूली न हो तथा खाने-पीने की प्रत्येक वस्तु की दरें निर्धारित की जाएं। उन्होने निर्देश दिए कि खाने पीने के पर्याप्त स्टाल, दुकान आदि उस समय लगाई जाए। पहले से ही सामाजिक संस्थाओं के नि:शुल्क भोजन स्टाल के लिए जगह चिन्हित रखे, ताकि हर आनेवाले श्रद्धालु को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान संजय दुबे ने शिप्रा नदी के दूसरे छोर स्थित उजडख़ेड़ा हनुमान मंदिर के समीप चल रहे सडक़ निर्माण कार्य का अवलोकन किया। यहां उन्होंने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग पर छायादार वृक्ष लगाने के निर्देश दिए। ज्ञात रहे पूर्ण होने के बाद यह मार्ग आगे भूखी माता मंदिर एवं कार्तिक मेला मैदान को जोड़ेगा। इस क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग भी विकसित की जाएगी, जहां बाहर से आने वाले वाहनों को पार्क कराया जाएगा। यहां से मेला क्षेत्र एवं मेले से बाहर जाने के लिए यात्रियों के लिए बसों की व्यवस्था की जाएगी। यहां पर पार्किंग लेवल वन, लेवल टू एवं लेवल थ्री में होगी। वाहनों की संख्या के अनुसार इसमें आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।

दुबे ने धरमबड़ला क्षेत्र के समीप प्रस्तावित पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया तथा इसकी व्यवस्थित कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होने चांदमुख-गंगेड़ी में प्रस्तावित पार्किंग स्थल का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा हेतु विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त साइन बोर्ड्स पहले से लगाए जाएंगे। धरमबड़ला के समीप ग्रीन फील्ड पार्किंग भी विकसित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा, महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक, विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल