home page

अनूपपुर: ट्रैक्टर के नाम पर विभागीय ऋण और छूट दिलाने का झांसा, 5.30 लाख की धोखाधड़ी,तीन ने धोखाधड़ी का लगाया आरोप

 | 
अनूपपुर: ट्रैक्टर के नाम पर विभागीय ऋण और छूट दिलाने का झांसा, 5.30 लाख की धोखाधड़ी,तीन ने धोखाधड़ी का लगाया आरोप


अनूपपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ट्रैक्टर दिलाने और आदिम जाति कल्याण विभाग से ऋण व छूट दिलाने का झांसा देकर तीन लोगों से कुल 5 लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी करते हुए रुपये हड़प लेने की शिकायत दर्ज कराई गई है। गुरूवार को ग्राम पोड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह परस्ते की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने राजेंद्र सिंह परस्ते के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार राजेंद्र सिंह ने सुरेंद्र को ट्रैक्टर दिलाने के लिए शहडोल की ट्रैक्टर एजेंसी ले जाकर 9.61 लाख रुपए का कोटेशन दिलाया। आरोपी ने दो लाख रुपए जमा करने और शेष राशि आदिम जाति कल्याण विभाग से ऋण के रूप में स्वीकृत कराने की बात कही। सुरेंद्र ने एजेंसी में 50 हजार रुपए जमा किए, जबकि शेष करीब 1.50 लाख रुपए आरोपी को दिए। बाद में एजेंसी से ट्रैक्टर खरीदी की बकाया राशि भुगतान के लिए फोन आने पर पीड़ित को ट्रैक्टर वापस करना पड़ा। पीड़ित ने बताया कि इसके बाद राजेंद्र ने 8.75 लाख रुपए का चेक दिखाकर भुगतान कराने का भरोसा दिया और बैंक पहुंचने के बाद वहां से चला गया। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया।

दो अन्य लोगों से भी रकम लेने का आरोप

ऐसे ही दो अन्य लोगों को ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर आरोपी के द्वारा ठगी करते हुए रुपए ले लिए गए।ग्राम पोड़ी निवासी रीतेश सिंह से 70 हजार रुपए और ग्राम बकेली निवासी उमेश केवट से 3.10 लाख रुपए ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर लेने की शिकायत थाने में की गई है। रीतेश से 50 हजार रुपए एजेंसी में जमा कराने के अलावा 25 हजार नकद और 45 हजार रुपए ऑनलाइन ले लिए । वहीं उमेश से 1.63 लाख ऑनलाइन, 25 हजार बैंक के माध्यम से और 1.22 लाख रुपए नकद रुपए लेने के आरोप शिकायत में दर्ज कराए गए हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार तीनों से कुल 5.30 लाख रुपए लेने के बाद राजेंद्र ने फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक लेनदेन, ऑनलाइन भुगतान और ट्रैक्टर एजेंसियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, बैंक डिटेल्स और दस्तावेज की जांच की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला