home page

राजगढ़ : आईफोन की डीलरशिप के नाम पर मोबाइल कारोबारी से 5.79 लाख की ठगी

 | 
राजगढ़ : आईफोन की डीलरशिप के नाम पर मोबाइल कारोबारी से 5.79 लाख की ठगी


राजगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में आईफोन सहित अन्य मोबाइल फोन का स्टॉक उपलब्ध कराने के नाम पर एक कारोबारी से 5.79 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपित ने खुद को इंदौर की मोबाइल फर्म का प्रतिनिधि बताकर व्यापारी से संपर्क किया था।

मोबाइल का ऑर्डर लेने के बाद उसने दो बैंक खातों में रकम जमा कराई और पार्सल बस से भेजने की जानकारी दी। व्यापारी जब बताए गए बस स्टैंड पर मोबाइल लेने पहुंचा तो न बस मिली और न ही पार्सल। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप चैट डिलीट कर अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ब्यावरा की शहीद कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय कृतिम सोनी 'हेलो मोबाइल' नाम से दुकान संचालित करते हैं। 18 सितंबर को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। संदेश भेजने वाले ने खुद को इंदौर की गुरुकृपा मोबाइल फर्म का प्रतिनिधि बताया। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल की खरीद-बिक्री को लेकर बातचीत होने लगी।

12 अक्टूबर को कृतिम सोनी को दुकान के लिए मोबाइल का स्टॉक चाहिए था। उन्होंने संबंधित व्यक्ति से आईफोन-17 प्रो की कीमत पूछी। आरोपित ने एक फोन का दाम 1 लाख 24 हजार 200 रुपये बताया। इसके बाद व्यापारी ने एक आईफोन-17 प्रो और आठ आईफोन-17 मोबाइल का ऑर्डर दे दिया।

दो बैंक खातों में जमा कराए रुपये

मोबाइल की आपूर्ति और बिल भुगतान के नाम पर आरोपित ने व्यापारी को दो बैंक खातों की जानकारी दी। उसके कहने पर कृतिम सोनी ने एक्सिस बैंक के खाते में 4 लाख 79 हजार रुपये और एचडीएफसी बैंक के खाते में एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 5 लाख 79 हजार रुपये का भुगतान किया गया।

रकम मिलने के बाद आरोपित ने व्यापारी को बताया कि मोबाइल का पार्सल बस से भेजा जाएगा। उसने बस और ड्राइवर का नंबर भी उपलब्ध कराया, जिससे व्यापारी को मोबाइल भेजे जाने का भरोसा हो गया।

बस स्टैंड पहुंचा व्यापारी, न पार्सल मिला न ड्राइवर

आरोपी की बात पर भरोसा कर कृतिम सोनी पार्सल लेने ब्यावरा बस स्टैंड पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें बताई गई बस नहीं मिली। जब उन्होंने ड्राइवर के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। इसके बाद उन्होंने मोबाइल का ऑर्डर लेने वाले व्यक्ति से संपर्क करना चाहा, लेकिन आरोपी ने व्हाट्सएप चैट डिलीट कर दी और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। काफी प्रयासों के बाद भी आरोपी से संपर्क नहीं होने पर व्यापारी को अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने बुधवार को अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। पुलिस बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से संबंधित जानकारी जुटाकर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक