home page

राजगढ़ः एटीएम में मदद के बहाने युवक से ठगी, कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 11 हजार

 | 
राजगढ़ः एटीएम में मदद के बहाने युवक से ठगी, कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए 11 हजार


राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एटीएम पर मदद के बहाने ठगी का एक मामला सामने आया है। यूनियन बैंक के एटीएम में पिन जनरेट कराने पहुंचे एक युवक का अज्ञात बदमाश ने एटीएम कार्ड बदल दिया और कुछ ही देर में उनके खाते से 11 हजार निकाल लिए। पीड़ित ने सिटी थाना ब्यावरा में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपित की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार ग्राम सांडाहेड़ी निवासी राधेश्याम पुत्र लक्ष्मीनारायण सेन शुक्रवार सुबह करीब 11ः30 बजे अपनी पत्नी के एटीएम कार्ड का पिन जनरेट कराने यूनियन बैंक के एटीएम पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक युवक ने मदद की पेशकश करते हुए कहा कि वह आसानी से पिन बना देगा। भरोसा कर राधेश्याम ने कार्ड उसे दे दिया। आरोप है कि युवक ने बड़ी चालाकी से असली एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया और उसकी जगह किसी अन्य व्यक्ति का कार्ड उन्हें थमा दिया। युवक जब एटीएम से बाहर निकला और कार्ड देखा तो उसे शक हुआ। इसी बीच मोबाइल पर खाते से 11 हजार निकाले जाने का संदेश मिला। तब उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने सिटी थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया है। उसने बताया कि उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर राशि निकाली गई है। साथ ही पुलिस से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपित की पहचान करने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक