home page

राजगढ़ः नोकिया स्मार्टपुर प्रोजेक्ट के तहत हुआ बहु- विभागीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम

 | 
राजगढ़ः नोकिया स्मार्टपुर प्रोजेक्ट के तहत हुआ बहु- विभागीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम


राजगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा और तकनीकी सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से आरईएसीएचए संस्था द्वारा संचालित नोकिया स्मार्टपुर प्रोजेक्ट के तहत गुरुवार को बहु- विभागीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं, डिजिटल साक्षरता, शिक्षा, आजीविका, वित्तीय समावेशन और शासकीय योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना रहा।

परियोजना के तहत जिले की 14 ग्राम पंचायतों में स्मार्टपुर केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जहां बच्चों और युवाओं को कंप्यूटर आधारित शिक्षा, डिजिटल साक्षरता और आधुनिक तकनीक से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर लैपटॉप उपलब्ध कराए जाएंगे तथा पंचायत स्तर पर एक कम्युनिटी फैसिलिटेटर नियुक्त रहेगा, जो ऑनलाइन सेवाओं और शासकीय कार्यों में ग्रामीणों की सहायता करेगा। स्मार्टपुर केंद्र नरसिंहगढ़, राजगढ़, खिलचीपुर और जीरापुर विकासखंड की चयनित ग्राम पंचायतों में संचालित होंगे। केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुले रहेंगे। यहां बच्चों को ई-लर्निंग, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी और डिजिटल कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिला सकें।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने कहा कि आज के दौर में ग्रामीण क्षेत्रों का डिजिटल सशक्तिकरण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आरईएसीएचए संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्मार्टपुर प्रोजेक्ट गांवों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने, शासकीय योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी विभागों से समन्वय के साथ परियोजना को सफल बनाने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक