home page

राजगढ़ः लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ के नाम से मिली चिट्ठी, पीएम-सीएम सहित अधिकारियों के बारे में अपशब्द

 | 
राजगढ़ः लॉरेंस बिश्नोई गैंग’ के नाम से मिली चिट्ठी, पीएम-सीएम सहित अधिकारियों के बारे में अपशब्द


राजगढ़, 17 मार्च(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अहिंसा द्वार के समीप कन्हैयालाल बीड़ी कंपनी के सामने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से लिखी एक संदिग्ध चिट्ठी मिली। चिट्ठी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव, कलेक्टर, एसपी,डीएसपी,लाडली बहना सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए आपत्तिजनक शब्द लिखे गए हैं।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बीड़ी कारखाना नंबर-2 के मैनेजर हेमराज मेहर ने दरवाजा खोला तो गेट के पास तीन कागज फोल्ड हालत में रखे मिले। कागज खोलकर पढ़ने पर वे सन्न रह गए। तीनों पर्चियों में अलग-अलग नामों के साथ धमकी भरा कंटेंट लिखा था। एक पर्ची में बीड़ी कारखाना और पास ही दुकान संचालित करने वाले बंटी पालीवाल का नाम दर्ज था। सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास के क्षेत्र का मुआयना कर ओल्ड एबी. रोड़ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। जिस स्थान पर चिट्ठी मिली,वहां सीसीटीव्ही. कैमरा नही लगा है। नगरपालिका कार्यालय से अहिंसा द्वार के बीच जो कैमरे लगे है,उनमें संदिग्ध दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में चिट्ठी रखने वाले की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।

चिट्ठी में नाम आने से किराना व्यापारी बंटी पालीवाल भी सहम गए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी उनका नाम इस तरह की चिट्ठी में आना चिंताजनक है। चिट्ठी के पहले कागज में प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव, बीजेपी लाड़ली बहना, जुआ-सट्टा,लारेंस विश्नोई। वहीं दूसरे कागज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सी डा.मोहन यादव, लाडली बहना, जुआ-सट्टा, लारेंस विश्नोई गेंग और तीसरे कागज में लाड़ली बहना, प्रधानमंत्री मोदी,सीएम मोहन,बीड़ी नं. 2 तेरी कारखाना,बंटी पालीवाल,एसपी,डीएसपी, पुलिस,कलेक्टर के बारे में अपशब्द लिखे। उसके बाद नीचे लारेंस विश्नोई गेंग लिखा हुआ है।

शहर ब्यावरा थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ का कहना है कि अहिंसा द्वार के समीप बीड़ी कारखाने के दरवाजे के पास तीन फोल्ड कागज मिले है,उसमें लारेंस विश्नोई गैंग के नाम से अपशब्द लिखे गए है।मामले में तकनीकी जांच की जा रही है साथ ही आसपास के सीसीटीव्ही. कैमरों की जांच कर लोगों से पूछताछ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक