बागली के पूर्व विधायक पहाड़ सिंह कन्नौजे का हृदयाघात से निधन, भाजपा में शोक
देवास/कन्नौद, 8 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले की बागली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता पहाड़ सिंह कन्नौजे का बुधवार को हृदयाघात से निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें इंदौर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही देवास सहित प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक व्याप्त हो गया।
पहाड़ सिंह कन्नौजे वर्ष 2018 के मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर बागली विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार कमल सिंह वास्कले को 11,843 मतों से पराजित किया था। उन्हें 89,417 मत मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी को 77,574 मत प्राप्त हुए थे।
राजनीति में सक्रिय होने से पहले कन्नौजे मध्यप्रदेश पुलिस में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर कार्यरत थे। सरकारी सेवा से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया और पहली बार में ही विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें पुनः प्रत्याशी नहीं बनाया था। इसके बावजूद वे संगठनात्मक गतिविधियों और क्षेत्रीय जनसंपर्क में सक्रिय रहे। उनका पैतृक निवास देवास जिले की उदयनगर तहसील के वनग्राम पटाड़ीपाला में है।
पूर्व विधायक के निधन पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके निधन को संगठन और बागली क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र राठी

