home page

विदिशा के पूर्व अपर कलेक्टर अनिल डामोर का हार्ट अटैक से निधन, नई जिम्मेदारी संभालने से पहले थमा जीवन

 | 
विदिशा के पूर्व अपर कलेक्टर अनिल डामोर का हार्ट अटैक से निधन, नई जिम्मेदारी संभालने से पहले थमा जीवन


विदिशा, 08 सितंबर (हि.स.)। विदिशा के पूर्व अपर कलेक्टर एवं 2019 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार डामोर का मंगलवार सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक अमले में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिचित मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। अस्पताल परिसर में उनके सहकर्मी और सहयोगी गमगीन नजर आए। हर कोई अचानक अपने साथी अधिकारी को खोने से स्तब्ध था। मेडिकल कॉलेज में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया ।

अनिल कुमार डामोर विदिशा में अपर कलेक्टर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके थे। राज्य शासन ने इसी माह उनका तबादला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल में उप सचिव के पद पर किया था। वे विदिशा से कार्यमुक्त होकर नई जिम्मेदारी संभालने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही उनका निधन हो गया।

सहकर्मियों के अनुसार डामोर सहज, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के अधिकारी थे। वे अधिकारियों के साथ ही कर्मचारियों से भी आत्मीयता से बातचीत करते थे। उनके व्यवहार में पद की औपचारिकता कम ही दिखाई देती थी। यही वजह थी कि उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच कम समय में ही अपनी अलग पहचान बना ली थी।

मेडिकल कॉलेज पहुंचे अधिकारी-कर्मचारी एक-दूसरे से डामोर के साथ बिताए समय और उनसे जुड़ी यादें साझा करते दिखाई दिए। सहकर्मियों का कहना था कि उनका निधन केवल एक अधिकारी की क्षति नहीं है, बल्कि प्रशासनिक परिवार ने एक अच्छे और आत्मीय साथी को भी खो दिया है।

अनिल कुमार डामोर मूल रूप से झाबुआ जिले के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनका बेटा 11वीं कक्षा में अध्ययनरत है, जबकि बेटी भी पढ़ाई कर रही है। अचानक हुए निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

हिन्दुस्थान समाचार/राकेश मीना

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा