home page

राजगढ़ः दूध डेयरियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 12 किलो संदिग्ध पनीर मिला, 11 किलो मौके पर नष्ट कराया

 | 
राजगढ़ः दूध डेयरियों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 12 किलो संदिग्ध पनीर मिला, 11 किलो मौके पर नष्ट कराया


राजगढ़, 01 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जीरापुर में दूध डेयरियों का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध और पनीर के नमूने लिए गए। एक डेयरी में करीब 12 किलो संदिग्ध पनीर मिला, जिसमें से एक किलो का नमूना जांच के लिए लिया गया, जबकि शेष 11 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस. खत्री ने राजस्व विभाग की टीम के साथ जीरापुर के टेंशन चैराहा स्थित सांवरिया दूध डेयरी का निरीक्षण किया। यहां दूध का नमूना लिया गया। इसके बाद बालाजी दूध डेयरी की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान करीब 12 किलो संदिग्ध पनीर पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर का नमूना लेकर उसे जांच के लिए सुरक्षित किया। वहीं शेष 11 किलो संदिग्ध पनीर का मौके पर ही विनष्टीकरण कराया गया।

विभाग द्वारा लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस. खत्री और प्रभारी राजस्व निरीक्षक सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों और आगामी दिनों को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी बढ़ाई गई है। जिले में मिलावटी एवं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक