जबलपुरः खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने की मिठाई दुकानों की जांच. परीक्षण के हेतु खाद्य सामग्री के नमूने लिए.
जबलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सामग्री के विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्यवाही आज बुधवार को भी जारी रही।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत बुधवार गोरखपुर स्थित बीकानेर से मलाई कतली और मावा बर्फी तथा राज स्वीट गोरखपुर एवं हीरा स्वीट मदन महल से मठरी और गुझिया के सैंपल लिए गए।
इसी प्रकार सदर स्थित मधुकलश से नमकीन के, ओवन क्लासिक तिलहरी से नमकीन, चिप्स और क्रीम रोल के सेम्पल लिए गये तथा होटल विजन महल में किचन के स्टोर में फूड कंटेनर में डेट अंकित करने हेतु निर्देशित किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लिए गये सभी सैंपल जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

