दूषित पानी की शिकायतों पर नगर निगम करा रहा पेयजल की जांच, 115 नमूने एकत्र
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल में दूषित पेयजल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने पानी की गुणवत्ता की जांच तेज कर दी है। निगम की जल परीक्षण टीम ने गुरुवार को वैषाली नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से 115 जल नमूने एकत्र किए। मौके पर किए गए भौतिक परीक्षण में सभी नमूने शुद्ध पाए गए। अब इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर जलकार्य विभाग के अधिकारियों और परीक्षण दल ने विभिन्न क्षेत्रों में जलापूर्ति की जांच की। इस दौरान वैषाली नगर से 12 और शहर के अन्य क्षेत्रों से 103 नमूने लिए गए। निगम का कहना है कि नागरिकों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से नमूने एकत्र कर उनका भौतिक और प्रयोगशाला परीक्षण कराया जा रहा है।
सीएम हेल्पलाइन और महापौर हेल्पलाइन से प्राप्त दूषित पानी संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत गुरुवार को 17 स्थानों पर पाइपलाइन के लीकेज सुधारे गए और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त पांच शिकायतों का निराकरण किया गया। साथ ही सीवेज चेंबरों की सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था की मैदानी निगरानी भी की जा रही है।
अब तक 35 हजार से अधिक नमूनों की जांच
निगम के अनुसार, वैषाली नगर में अब तक कुल 152 जल नमूनों का परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं, शहर के अन्य क्षेत्रों में अब तक 35 हजार 247 नमूने एकत्र कर उनकी जांच कराई गई है। इसके अलावा 8 हजार 422 पाइपलाइन लीकेज सुधारे गए हैं और 26 हजार 920 स्थानों पर सीवेज चेंबरों की सफाई की गई है। निगम ने हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त कुल 1,160 शिकायतों का भी निराकरण किया है। अधिकारियों के अनुसार, पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच और निगरानी का कार्य लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

