home page

महू में भेरू घाट की ढलान पर पांच वाहन भिड़े, मुंबई-आगरा फोरलेन पर लगा जाम, पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात कराया सुचारू

 | 
महू में भेरू घाट की ढलान पर पांच वाहन भिड़े, मुंबई-आगरा फोरलेन पर लगा जाम, पुलिस ने वाहनों को हटाकर यातायात कराया सुचारू


इंदाैर, 23 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर जिले के महू में मानपुर थाना क्षेत्र के भेरू घाट की ढलान पर बुधवार को बड़ा सड़क हादसा टल गया। ढलान उतरते समय एक के बाद एक पांच वाहन आपस में टकरा गए। इनमें एक यात्री बस भी शामिल थी। हादसे में करीब पांच लोगों को चोटें आई हैं। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी की मौत नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार ढलान पर वाहनों के बीच टक्कर होने के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। थाना प्रभारी अरुण सोलंकी के अनुसार हादसे में पांच लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी की हालत सामान्य बताई गई है।

फोरलेन पर वाहनों की कतार

हादसे के बाद मुंबई-आगरा फोरलेन पर यातायात प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे और वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया।

भेरू घाट की ढलान पर पहले भी हो चुके हैं हादसे

भेरू घाट का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। ढलान पर वाहनों की गति बढ़ने और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी नहीं रहने की स्थिति में अचानक ब्रेक लगाने पर टक्कर का खतरा बढ़ जाता है। बुधवार के हादसे के बाद भी इस हिस्से में यातायात सुरक्षा और गति नियंत्रण के इंतजामों को लेकर सवाल उठे हैं।

स्थानीय लोगों ने संवेदनशील हिस्से में वाहनों की गति नियंत्रित करने, चेतावनी संकेत बढ़ाने और यातायात निगरानी मजबूत करने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों की आशंका कम की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे