home page

ब्यावरा विधानसभा को प्रदेश में अव्वल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करें अधिकारी : राज्यमंत्री पंवार

 | 
ब्यावरा विधानसभा को प्रदेश में अव्वल बनाने के लिए समन्वित प्रयास करें अधिकारी : राज्यमंत्री पंवार


- राज्यमंत्री पंवार ने की योजनाओं, विकास कार्यों और जनसमस्याओं की समीक्षा

भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में शनिवार को ब्यावरा विधानसभा की अनुभाग स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। राज्यमंत्री पंवार ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विभागीय गतिविधियों तथा आमजन से जुड़े विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि ब्यावरा विधानसभा को उत्कृष्ट एवं पूरे प्रदेश में अव्वल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करना होगा।

राज्यमंत्री पंवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का दायित्व केवल कार्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें नियमित रूप से क्षेत्र में पहुंचकर योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना चाहिए।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए स्कूलों की रेंडम चेकिंग के निर्देश

राज्यमंत्री पंवार ने बैठक में विद्यालयों के परीक्षा परिणामों को लेकर चिंता व्यक्त की और शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विद्यालयों की रेंडम चेकिंग की जाए और शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा पढ़ाई के स्तर की लगातार निगरानी की जाए।

कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान दे स्वास्थ्य विभाग

राज्यमंत्री पंवार ने क्षेत्र में कुपोषित बच्चों की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर कुपोषित बच्चे की नियमित निगरानी एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा संबंधित अधिकारी जमीनी स्तर पर इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग करें।

किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से हो निराकरण : मंत्री पंवार

राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि किसानों की प्रत्येक समस्या का प्राथमिकता से निराकरण होना चाहिए। क्षेत्र का किसान आत्मनिर्भर और समृद्ध बने, इसके लिए विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र किसान किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उद्यानिकी विभाग फील्ड में जाकर किसानों और नागरिकों को दे योजनाओं की जानकारी

राज्यमंत्री पंवार ने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयीन कार्यों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से फील्ड में जाएं और नागरिकों एवं किसानों से संवाद करें। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचेगी, तभी पात्र हितग्राही उनका लाभ ले सकेंगे।

घुरैल पहाड़ी को हरा-भरा बनाने पर विशेष जोर

राज्यमंत्री पंवार ने वन विभाग की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में हो रहे पौधारोपण की स्थिति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि लगाए गए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों के जीवित रहने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जाए।

गौशालाओं की व्यवस्थाओं का फील्ड में जाकर निरीक्षण करें अधिकारी

राज्यमंत्री पंवार ने क्षेत्र में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर गौशालाओं का निरीक्षण करें, वहां पशुओं को उपलब्ध सुविधाओं, चारे, पानी, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति देखें तथा कमियों का तत्काल निराकरण कराएं।

राजस्व प्रकरणों और किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र हो समाधान

राज्यमंत्री पंवार ने निर्देश दिए कि जमीन से जुड़े प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण किया जाए। किसानों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए। किसान सम्मान निधि से जुड़े लंबित मामलों की भी समीक्षा कर पात्र किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

ब्यावरा एवं सुठालिया में पेयजल, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

नगर पालिका ब्यावरा एवं नगर परिषद सुठालिया की समीक्षा के दौरान राज्यमंत्री पंवार ने अधिकारियों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हों और जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।

बलराम महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के दिए निर्देश

राज्यमंत्री पंवार ने रविवार को ब्यावरा में आयोजित होने वाले कृषक बलराम महोत्सव की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने तथा महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, एसडीओपी प्रकाश शर्मा, पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत