राजगढ़ः रुई की दुकान में आग लगने से कई सामान जलकर खाक, संचालक झुलसा
राजगढ़, 07 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सारंगपुर थाना क्षेत्र स्थित उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान के पास बनी रुई की दुकान में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखी रजाई, गादी और रुई का भारी हिस्सा जलकर खाक हो गया। हादसे में दुकान संचालक व मशीन चालक जुल्फिकार मंसूरी आग की लपटों की चपेट में आने से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत बाहर निकालकर सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
दुकान संचालक के अनुसार रुई मशीन सामान्य रूप से चल रही थी, तभी मशीन में कंकड़ फंसने से चिंगारी निकली और रुई ने तुरंत आग पकड़ ली। कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरे दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि धुआं दूर से दिखाई दे रहा था और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पानी और अन्य संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान में रखी लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य की रुई, रजाई, गादी और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

