सिवनी: इलेक्ट्रिक वाहन बैटरियों से भरे ट्रक में लगी भीषण आग
जबलपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में नेशनल हाईवे-44 पर कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम मोहगांव में रविवार रात इलेक्ट्रिक वाहनों में उपयोग होने वाली बैटरियों से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही कुरई पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा समय रहते आग पर काबू पा लिया। इससे पास स्थित पेट्रोल पंप तक आग पहुंचने से पहले ही बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चेन्नई से नोएडा जा रहा था। रात करीब 9 बजे ट्रक चालक राम सिंह यादव (43), निवासी ग्राम औरैया, थाना पट्टी, जिला प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश), मोहगांव में सड़क किनारे वाहन खड़ा कर भोजन करने गया था। इसी दौरान ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सिवनी से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया जिससे दो गाड़ियां तत्काल मौके पर रवाना हुई जो समय पर पहुंच गई। पुलिस और दमकल विभाग की कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
परन्तु आग बुझने के बाद भी ट्रक में रखी इलेक्ट्रिक कारों में उपयोग होने वाली आठ बैटरियों की प्लेटें लंबे समय तक अत्यधिक गर्म बनी रहीं। इससे बीच-बीच में धुआं और छोटी-छोटी लपटें उठती रहीं। एहतियात के तौर पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम देर रात तक मौके पर तैनात रही और लगातार कूलिंग की प्रक्रिया जारी रखी, ताकि दोबारा आग न भड़क सके।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, लिथियम आधारित बैटरियों में आग लगने की घटनाएं सामान्य आग की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होती हैं, क्योंकि इनमें दोबारा सुलगने की आशंका बनी रहती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

