जबलपुर : शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप, थाने के सामने युवक ने खुद को लगाई आग
जबलपुर, 05 जुलाई (हि.स.)। शहर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। माढ़ोताल थाने के सामने एक युवक ने कथित तौर पर अपनी शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान प्रभात नगर निवासी गंगाराम के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह पिछले कई दिनों से अपनी शिकायत लेकर माढ़ोताल थाने के चक्कर लगा रहा था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार दोपहर गंगाराम माढ़ोताल थाने के सामने पहुंचा। उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कंबल डालकर आग बुझाई और पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना में उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक काफी देर तक थाने के सामने स्थित एक चाय की दुकान पर बैठा रहा और उसके बाद सड़क पर जाकर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
हालांकि पुलिस का कहना है कि गंगाराम पहली बार थाने आया था और इससे पहले उसके द्वारा कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। वहीं परिजनों का दावा है कि वह लंबे समय से अपनी शिकायत के समाधान के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

