जबलपुर: पारले बिस्किट फैक्ट्री में लगी भीषण आग
जबलपुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पारले बिस्किट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठता काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र की दमकल टीमों ने मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल विभाग के मुताबिक, आग दोपहर करीब 2 बजे के बीच लगी। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम और औद्योगिक क्षेत्र की कुल आठ दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पैकेजिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका है। एहतियात के तौर पर फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

