जबलपुरः गंगासागर इलाके में शॉर्ट सर्किट से टाल में भीषण आग
जबलपुर, 12 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गंगासागर क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे एक टाल में भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की, जिसने देखते ही देखते टाल में रखी लकड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब तीन घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आगजनी की इस घटना में लगभग 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। स्थानीय निवासी के मुताबिक, आग श्री सत्य साईं टिंबर एंड प्लाईवुड में लगी थी।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि टाल के पास लगी सीएनसी मशीन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसकी चिंगारी से आग भड़क उठी। दमकल टीम की तत्परता के चलते आग को आसपास के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

