जबलपुर: खजरी खिरिया बायपास स्थित टायर गोदाम में भीषण आग, 9 दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे
जबलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार दोपहर खजरी खिरिया बायपास रोड स्थित एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम से उठती ऊंची लपटें तथा काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गईं।
आग लगते ही गोदाम में मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन टायरों में लगी आग तेजी से फैलती चली गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के एक के बाद एक कुल नौ वाहन मौके पर पहुंचे और लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजरी खिरिया बायपास पर मोहम्मद कासिम का टायर रिमोल्डिंग का गोदाम संचालित है। बुधवार दोपहर गोदाम के बाहर रखी टायरों की कतरनों में आग लग गई। प्रारंभ में आग धीरे-धीरे सुलगती रही, लेकिन कुछ ही देर में उसने गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई।
टायरों में आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में घना काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें दूर से दिखाई देने लगीं, जिसके चलते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और राहगीर मौके पर एकत्र हो गए।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

