जबलपुर : विद्युत केबलों में लगी आग, मची अफरातफरी
जबलपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में ओमकार नगर के वार्ड क्रमांक 74 में शुक्रवार शाम को विद्युत केबलों में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों में दहशत फैल गई और कई परिवार घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में करीब एक दर्जन से अधिक मकानों के सामने विद्युत केबलें अव्यवस्थित तरीके से ऊंचाई पर फैली हुई थीं। इसी दौरान अचानक केबलों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बिजली के पोल को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहीं नीचे बिछी करीब 100 मीटर से अधिक लंबी विद्युत केबल जलकर राख हो गई।
आग लगने के बाद उठते धुएं और लपटों को देखकर घरों के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग तत्काल अपने घरों से बाहर निकल आए। समय रहते लोगों के बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की घटना से क्षेत्र में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
घटना के बाद स्थानीय रहवासियों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश देखने को मिला। नागरिकों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली की केबलें लंबे समय से अव्यवस्थित और जर्जर स्थिति में हैं। मानसून के दौरान इस तरह की घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है, लेकिन विभाग की ओर से समय रहते आवश्यक रखरखाव नहीं किया जा रहा।
रहवासियों ने विद्युत विभाग से क्षेत्र में बिछी केबलों और बिजली के पोल की जांच कराने तथा जर्जर एवं अव्यवस्थित तारों को व्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

