जबलपुर: बस स्टैंड स्वीट्स दुकान में लगी भीषण आग
जबलपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित पुराने बस स्टैंड इलाके में गुरूवार देर रात प्रसिद्ध द्वारका स्वीट्स की रसोई में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों और गोदामों में काम करने वाले लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
आग लगने के कारण पहली मंजिल पर स्थित गोदामों में काम कर रहे कई लड़के ऊपर ही फँस गए थे, जिससे बड़ी अनहोनी का डर बना रहा। प्रत्यक्षदर्शी कार एक्सेसरीज का गोदाम चलाने वाले निर्मल जैन ने बताया कि आग द्वारका स्वीट्स के पिछले हिस्से में स्थित रसोई (किचन) में लगी थी। किचन में भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर रखे होने के कारण खतरा और भी बढ़ गया था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि होटल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे आग पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया। गनीमत रही कि आग पर समय रहते नियंत्रण पाने की कोशिश की गई, अन्यथा पास में मौजूद सिलेंडरों के कारण बड़ा धमाका हो सकता था। प्रशासन अब इस मामले में होटल की सुरक्षा व्यवस्था की जाँच कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

