home page

अनूपपुर:चलते ट्रक में लगी आग, पूरी तरह से खाक, दो घंटे में पाया गया काबू

 | 
अनूपपुर:चलते ट्रक में लगी आग, पूरी तरह से खाक, दो घंटे में पाया गया काबू


अनूपपुर:चलते ट्रक में लगी आग, पूरी तरह से खाक, दो घंटे में पाया गया काबू


अनूपपुर, 07 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से गुजरती राष्ट्रीय राजमार्ग 43 कोतमा जंगल चौकी के पास रविवार की दोपहर गिट्टी से भरे चलते हाइवा ट्रक पर अचानक आग लगने से वाहन पूरी तरह जल कर राख हो गया। इस दौरान दोनो जरु से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और लगभग एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर 2 से 3 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार अनूपपुर से गिट्टी भर कर कोतमा की ओर आ रहा हाइवा ट्रक ट्रक क्रमांक सीजी 31 ए 9917 के पिछले टायर में भीषण गर्मी और घर्षण के कारण अचानक आग लग गई। सामने से आ रहे वाहन चालकों ने चालक को इसकी सूचना दी, जिसके बाद चालक और सह चालक ने वाहन को सुरक्षित स्थान रोककर उतर गये। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की तीव्रता को देखते हुए सुरक्षा कारणों से हाईवे पर दोनों दिशाओं का यातायात रोक दिया गया। इसके चलते अनूपपुर और कोतमा की ओर जाने वाले सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन सड़क पर ही फंस गए। कई यात्रियों को तेज धूप में लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे के दोनों ओर 2 से 3 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई थी। यात्री, बसें, ट्रक और निजी वाहन आग बुझने का इंतजार करते रहे। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों, पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया और फंसे हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।

आग में ट्रक के सभी टायर सहित अन्य सामान पूरी तरह से जल गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटनास्थल के समीप वन विभाग का डिपो होने के कारण वन विभाग का अमला भी सतर्क रहा। कोतमा नगर का रविवार को बाजार का दिन होने के कारण हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक थी। पुलिस ने ट्रक को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराते हुए मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला