home page

मंदसौर में ऑटो गैरेज में भीषण आग, दो कारें जलकर खाक; 40 लाख के नुकसान का अनुमान

 | 


मंदसौर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मंदसौर शहर से सटे शिवना ब्रिज के नीचे स्थित सिल्वर ऑटो गैरेज में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गैरेज में मरम्मत के लिए खड़ी दो कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। इसके अलावा मशीनरी, ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान भी जल गया। आग की लपटों से पास स्थित इंडियन कार बाजार को भी नुकसान पहुंचा है। तीन दमकल वाहनों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गैरेज मालिक ने करीब 40 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शिवना ब्रिज के नीचे संचालित सिल्वर ऑटो गैरेज में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय गैरेज में ग्राहकों की दो कारें मरम्मत के लिए खड़ी थीं, जो आग में पूरी तरह जल गईं। आग से गैरेज में रखी मशीनरी, ऑटो पार्ट्स और अन्य सामान भी नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही तीन फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की गंभीरता को देखते हुए सीतामऊ एसडीओपी दिनेश प्रजापति पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस, दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका गया।

एसडीओपी दिनेश प्रजापति ने बताया कि मंदसौर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंची दमकल टीमों, पुलिस बल तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाई गई। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया