home page

सिंगरौली में राखड़ से भरे बल्कर में लगी आग, चालक-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

 | 
सिंगरौली में राखड़ से भरे बल्कर में लगी आग, चालक-क्लीनर ने कूदकर बचाई जान


सिंगरौली, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रविवार शाम सिंगरौली से सतना जा रहे राखड़ से भरे बल्कर में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैली तो चालक और क्लीनर ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में पूरा बल्कर आग की चपेट में आ गया और जलकर खाक हो गया। हादसा शाम करीब 4 बजे चितरंगी थाना क्षेत्र में हुआ। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन वाहन के जलने से लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है।

बल्कर चालक राकेश गुप्ता के मुताबिक, वह वाहन में राखड़ भरकर सिंगरौली से सतना जा रहा था। देवसर से आगे निकलने पर अचानक इंजन की तरफ से धुआं उठने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। जब तक वह कुछ समझ पाता, आग तेजी से फैलने लगी। आग बढ़ती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बल्कर को बस्ती से आगे खाली जगह पर खड़ा किया। इसके बाद चालक और क्लीनर तुरंत वाहन से नीचे कूद गए। दोनों के सुरक्षित बाहर निकलते ही आग ने पूरे बल्कर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जल गया।

चालक राकेश गुप्ता ने बताया कि उसके पास स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड का फोन नंबर नहीं था। इस वजह से वह मौके से तत्काल सूचना नहीं दे सका। हादसे के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा। बल्कर में आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक आशंका है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के कारण आग लगी होगी। हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे