home page

मैहर में कपड़ों के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान, तीन दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

 | 
मैहर में कपड़ों के गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान, तीन दमकलों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू


मैहर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर शहर के स्टेट बैंक चौराहे के पास मंगलवार शाम एक दो मंजिला इमारत में स्थित कपड़ों के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, घंटाघर चौराहे के समीप स्थित शिव गारमेंट्स के संचालक सुरेश अग्रवाल की दो मंजिला इमारत की ऊपरी मंजिल पर कपड़ों का गोदाम बना हुआ है। मंगलवार शाम करीब 4 बजे गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। गोदाम में बड़ी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। गोदाम मालिक सुरेश अग्रवाल ने दावा किया कि हादसे में करीब 30 से 40 लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया है। प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है।

पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से आसपास का क्षेत्र खाली कराया गया, ताकि आग अन्य दुकानों तक न फैले। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच के साथ-साथ नुकसान का विस्तृत आकलन करने में जुटे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे