home page

सागर: देवरी में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कर्ज माफी सहित उठाईं कई मांगें

 | 
सागर: देवरी में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कर्ज माफी सहित उठाईं कई मांगें


सागर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले की देवरी विधानसभा में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को देवरी के शिखर पैलेस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व विधायक सुनील जैन सहित कांग्रेस नेताओं ने केसली, गौरझामर, महाराजपुर, नन्ही देवरी, टड़ा, सहजपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। नेताओं ने आरोप लगाया कि किसान एक ओर कम बारिश और फसल बर्बादी से परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर खाद वितरण और बिजली आपूर्ति की समस्याओं से जूझ रहे हैं।

पूर्व विधायक सुनील जैन के साथ सुधीर श्रीवास्तव, चंद्रशेखर दुबे और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस वर्ष क्षेत्र में मानसूनी बारिश बेहद कम हुई है। इसके कारण खरीफ की फसलें बर्बाद हो गई हैं और अब रबी की बुआई पर भी संकट मंडरा रहा है। किसानों की आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि शासन तत्काल विशेष सर्वे कराकर केसली ब्लॉक को सूखाग्रस्त घोषित करे और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए।

खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था को कांग्रेस नेताओं ने किसानों के लिए परेशानी का कारण बताया। उनका आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में किसानों के पास साधारण कीपैड मोबाइल फोन हैं, जिनसे ऑनलाइन टोकन बुक करना संभव नहीं हो पाता। पोर्टल पर समय पर ओटीपी नहीं आने और जटिल कैप्चा प्रक्रिया के कारण भी किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

नेताओं ने आरोप लगाया कि टोकन बुक होने पर किसानों से 100 रुपये और बुकिंग असफल होने अथवा सर्वर डाउन रहने पर भी 50 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। उन्होंने इस व्यवस्था को तत्काल बंद कर पारंपरिक और पारदर्शी तरीके से खाद वितरण शुरू करने की मांग की।

वहीं कांग्रेस नेताओं ने बिजली आपूर्ति की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि खेतों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है और अघोषित बिजली कटौती किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 15 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे