home page

उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों का चक्काजाम

 | 
उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों का चक्काजाम


उज्जैन , 14 अप्रैल (हि.स.)। उज्जैन में मंगलवार को भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने उज्जैन-झालावाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उन्होने उज्जैन जिला आपूर्ति अधिकारी शालू वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाए। साथ ही शालू वर्मा को हटाने के लिए प्रशासन के सामने मांग भी रख दी। प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता घट्टिया, नजरपुर, निपालिया, जैथल, पिपलिया हरजी और घोंसला क्षेत्र के थे। करीब दो घण्टे तक चले जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई।

मौके पर कार्यकर्ताओं का आरोप रहा कि निपानिया गोयल में किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग में बहुत देरी की। सत्यापन में समस्याएं आई। वहीं किसान घण्टों कतार में खड़े होकर परेशान होते रहे। जब जिला आपूर्ति अधिकारी उनक समस्याओं के निदान के लिए नहीं आई तो वे सडक़ पर प्रदर्शन एवं जाम लगाने के लिए उतर गए। उनके समर्थन में क्षेत्र के अनेक किसान और कार्यकर्ता मौके पर जुट गए। भीषण गर्मी के बीच जहां कार्यकर्ता और किसान सडक़ पर जुटे थे वहीं यात्री बस ओर वाहनों में जाम लगने पर बैठे लोग गर्मी के कारण परेशान होते रहे।

मौके पर ध्वनि विस्तारक यंत्र पर भी आक्रोश जताया गया। जिला आपूर्ति अधिकारी के अलावा महिदपुर की खाद्य निरीक्षक सुरभि जैन का भी विरोध किया गया। आरोप रहा कि इन लोगों की अनदेखी के कारण परेशानी उत्पन्न हुई। बताया कि जिले के करीब 42 हजार सर्वे नम्बरों का पंजीयन सत्यापित नहीं हो पाया है। जबकि सेटेलाइट के माध्यम से हुए पंजीयन में कई असत्यापित हो गए। ऐसा होने से छोटे किसानों के स्लॉट बुक ही नहीं हुए। इससे उनकी उपज की खरीदी की प्रक्रिया प्रभावित हो गई। इसकी शिकायत कई बार खाद्य निरीक्षक और जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को की गई लेकिन किसी ने समाधान नहीं निकाला। इसीलिए चक्काजाम किया गया।

इधर जाम की सूचना मिलने पर मौके पर एसडीएम राजाराम करजरे,डीएसपी भारतसिंह यादव,थाना प्रभारी करण खोवाल,तहसीलदार आदर्श शर्मा पहुंचे और किसानों को समझाइश दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल