जबलपुर में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, घंटाघर पर रातभर धरने का ऐलान
जबलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित घंटाघर चौक पर शुरू हुआ धरना देर शाम तक बड़े आंदोलन में बदल गया। करणी सेना के नेतृत्व में जिले की अलग-अलग तहसीलों से पहुंचे किसान संगठनों के कार्यकर्ता घंटाघर चौक पर डटे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी होने तक रातभर धरना जारी रखने का ऐलान किया है। आंदोलन को देखते हुए घंटाघर चौक की एक सड़क बंद कर दी गई है और पुलिस तथा प्रशासन की टीम मौके पर तैनात है।
धरना स्थल पर किसानों के रातभर रुकने की तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इसी क्रम में धरना स्थल पर गक्कड़ भर्ता बनाने की तैयारी शुरू हुई। किसानों और करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।
प्रदर्शन के कारण घंटाघर चौक की एक सड़क पर आवागमन बंद है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। कंट्रोल रूम के सामने भी आंदोलन को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि धान खरीदी केंद्रों और वेयरहाउस में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि इन समस्याओं के संबंध में वे पहले भी कलेक्टर के माध्यम से कई बार ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
बुधवार को किसान और करणी सेना के कार्यकर्ता कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने के लिए आगे बढ़ रहे थे। हालांकि पुलिस ने उन्हें घंटाघर चौक पर ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने अपर कलेक्टर से बातचीत की। प्रशासन की ओर से बताया गया कि किसानों की मांगों के संबंध में भोपाल स्तर पर चर्चा चल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, घंटाघर चौक पर धरना जारी रहेगा।
रात में किसानों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था शुरू होने के साथ घंटाघर चौक आंदोलन का प्रमुख केंद्र बन गया है। प्रदर्शनकारियों ने जिले की अन्य तहसीलों के किसानों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

