राजगढ़ में खेत पर सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, जांच शुरू
राजगढ़, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र के खेरचाखेड़ी गांव में शुक्रवार सुबह खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, खेरचाखेड़ी निवासी दुलेसिंह बेलदार (52), पुत्र भागीरथ बेलदार, सुबह अपने खेत में प्याज की फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सारंगपुर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि दुलेसिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी आकस्मिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सारंगपुर पुलिस ने शून्य (जीरो) पर मर्ग कायम कर प्रकरण संबंधित लीमाचौहान थाना पुलिस को भेज दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में करंट लगने से मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, किसान किन परिस्थितियों में बिजली की चपेट में आए, इसका पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

