अनूपपुर: पात्र एवं वंचित व्यक्तियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सेवा संकल्प अभियान की प्राथमिकता - प्रभारी मंत्री
अनूपपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र एवं वंचित व्यक्तियों तक शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। वास्तविक जरूरतमंद व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले, इसे प्राथमिकता में रखा जाए। अभियान में शासन-प्रशासन एवं संगठन का समन्वय और सहयोग हो तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं जनसामान्य की सहभागिता से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। शासकीय कार्यक्रमों की सफलता बेहतर समन्वय एवं जनभागीदारी से ही होती है।
यह बात शुक्रवार को मध्य प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना की समीक्षा बैठक में कहीं। उन्होंने अभियान की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक जनभागीदारी करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने सेवा ज्योति कलश यात्रा में साइकिल, बाइक एवं पैदल रैली आयोजित करने तथा महिलाओं की सहभागिता करने के निर्देश दिए। ‘मेरा सेवा योगदान’ के अंतर्गत वृद्धाश्रम, अनाथालय एवं अन्य सेवा संस्थाओं का निरीक्षण कर उनकी समस्याओं एवं कमियों का निराकरण करने तथा वहां सकारात्मक वातावरण निर्मित करने को कहा। विद्यालयों, छात्रावासों, आश्रमों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य शासकीय संस्थाओं में पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य जांच शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख तालाबों एवं जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने को कहा। दिव्यांगजन सहयोग गतिविधि में पात्र दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्र सेवा कार्यक्रम, ‘नमो सेवा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ एवं ‘मेरा सेवा योगदान’ जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। 2 से 10 अक्टूबर तक रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, योग एवं ध्यान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण, दिव्यांगजन सहयोग तथा मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत जिले के 10 नगरीय निकायों एवं 4 विकासखंडों में मेगा जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित कर हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने एवं समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। 9 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के अंतर्गत एकलव्य विद्यालय के ग्राउंड में विकसित भारत की थीम पर मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। प्रभारी मंत्री ने अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। पात्र एवं वंचित हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ जनसमस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ गतिविधियों का आयोजन करने तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने सेवा संकल्प अभियान की विस्तृत कार्ययोजना, निर्धारित गतिविधियों एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अभियान के दौरान विभागों के समन्वय से विभिन्न गतिविधियों के आयोजन तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए की जा रही तैयारियों से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया।
बैठक में सचिव सहकारिता विभाग दीपक सिंह ,वनमंडलाधिकारी डेविड व्यंकटराव चनाप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम,अपर कलेक्टर बलवीर रमन, भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, अनविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

